• Fri. Mar 6th, 2026

होली के बाद ट्रेनों में भारी भीड़, देवरिया से मुंबई-दिल्ली के लिए 60 दिन तक टिकट नहीं उपलब्ध

 06 मार्च 2026 : होली के बाद अपने काम पर वापस लौटने वालों का सिलसिला जोरों पर है। महानगरों को लौटने वाले यात्रियों की भीड़ के चलते रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

देवरिया और आसपास के क्षेत्रों से मुंबई और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में अगले करीब 60 दिनों तक सीटें फुल बताई जा रही हैं। इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है और उन्हें किसी तरह जनरल बोगी में सफर करना पड़ रहा है।

रेलवे काउंटर और आनलाइन आरक्षण में भी अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री मजबूरी में सामान्य डिब्बों या रिजर्वेशन कोच के दरवाजों पर खड़े होकर यात्रा करने को विवश हैं।

देवरिया, सलेमपुर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए मुंबई, दिल्ली, सूरत व अन्य महानगरों में काम करते हैं। होली पर घर आए ये लोग अब वापस लौट रहे हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ अचानक बढ़ गई है। स्पेशल ट्रेन के अलावा अन्य ट्रेनों में टिकट के लिए मारामारी मची हुई है। होली स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट के लिए काफी मारामारी देखी जा रही है।

देवरिया खास निवासी शुभेन्दु, विशुनपुरा निवासी संपूर्णानंद ने बताया कि उन्हें मुंबई जाना है लेकिन चार मई के पहले कोई टिकट नहीं मिल रहा है। इटहुरा निवासी मनसा मिश्र, देवरिया रामनाथ निवासी रामेश्वर पांडेय ने बताया कि उन्हें कानपुर व दिल्ली जाना है। किसी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि दिल्ली व मुंबई के लिए किसी भी ट्रेन के स्लीपर कलस की बोगी में 4 मई के पहले बर्थ खाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *