26 फरवरी 2026 : उत्तर प्रदेश में फरवरी के आखिरी हफ्ते के साथ ही मौसम के तेवर तल्ख होने लगे हैं। नोएडा से लेकर वाराणसी तक अब सुबह-शाम की गुलाबी ठंड विदा हो रही है और दोपहर की चटक धूप लोगों को परेशान करने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।25 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश में फरवरी के आखिरी हफ्ते के साथ ही मौसम के तेवर तल्ख होने लगे हैं। नोएडा से लेकर वाराणसी तक अब सुबह-शाम की गुलाबी ठंड विदा हो रही है और दोपहर की चटक धूप लोगों को परेशान करने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
सभी 75 जिलों के लिए ग्रीन जोन अलर्ट
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार (26 फरवरी) को उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी, दोनों संभागों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। इसका मतलब है कि फिलहाल बारिश, आंधी या कोहरे जैसी किसी भी प्राकृतिक आपदा की कोई चेतावनी नहीं है। 27 और 28 फरवरी को भी आसमान साफ रहेगा और दिन चढ़ने के साथ धूप का असर बढ़ेगा।
इन जिलों में खिली रहेगी धूप, पारा पहुंचेगा 32 के पार
गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने वाला है। गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ और गाजियाबाद समेत प्रदेश के प्रमुख जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकलने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
लखनऊ और नोएडा में बढ़ी तपिश
राजधानी लखनऊ में पारे की चाल अब ऊपर की ओर है। जहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं, दिल्ली से सटे नोएडा में भी दोपहर के वक्त धूप अब चुभने लगी है। आने वाले दिनों में यहाँ गर्मी का असर और ज्यादा दिखने वाला है।
2 मार्च से फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 2 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा। इसका असर उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों पर पड़ सकता है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है। हालांकि, उससे पहले तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
आगरा रहा सबसे गर्म, बुलंदशहर में रही ठंड
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो ताजनगरी आगरा प्रदेश में सबसे गर्म रही, जहां अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बुलंदशहर और नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
