• Fri. Dec 5th, 2025

Haryana के नए DGP ओपी सिंह: सुशांत सिंह राजपूत से क्या है रिश्ता, जानें पूरी जानकारी

14 अक्टूबर 2025 : हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सोमवार को सरकार ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया। मंगलवार को जारी आधिकारिक आदेश में उनकी जगह ओम प्रकाश सिंह को हरियाणा पुलिस का कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है।

कौन हैं ओपी सिंह?

ओम प्रकाश सिंह को एक सख्त, ईमानदार और निष्पक्ष अधिकारी माना जाता है। वे मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले से हैं और बॉलीवुड अभिनेता दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं। ओपी सिंह वर्तमान में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, पंचकूला के प्रबंध निदेशक, एफएसएल मधुबन के निदेशक, और हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त होने वाला है। राज्यपाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह नियुक्ति पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर की छुट्टी की अवधि के दौरान विभागीय कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

क्या है मामला?

7 अक्टूबर को हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने घर में सुरक्षा गार्ड की पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने 15 वरिष्ठ अधिकारियों पर जातीय आधार पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया और उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।

इस मामले की जांच चंडीगढ़ पुलिस कर रही है, लेकिन मृतक अधिकारी की पत्नी, जो खुद एक आईएएस अधिकारी हैं, पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। इसी कारण आठ दिन बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। परिवार की नाराजगी और बढ़ते दबाव के बीच हरियाणा सरकार ने बीती रात डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया और अब ओपी सिंह को कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *