• Thu. Feb 5th, 2026

हरियाणा रोडवेज कंडक्टर की दबंगई, छात्र को घरौंडा की बजाय पानीपत टोल पर उतारा

करनाल 05 फरवरी 2026 जम्मू से दिल्ली जा रही हरियाणा रोडवेज की बस को घरौंडा बस स्टैंड पर न रोके जाने और कॉलेज छात्र को पानीपत टोल पर उतारने का मामला सामने आया है। छात्र ने बस के अंदर का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है।

जानकारी अनुसार शेखपुरा खालसा गांव निवासी अतुल करनाल के सरकारी कॉलेज में बी.ए. द्वितीय वर्ष का छात्र है। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हरियाणा रोडवेज की बस में चढ़ा। उसके साथ घरौंडा का एक और युवक भी था। यह बस जम्मू से दिल्ली जा रही थी। अतुल के पास हरियाणा रोडवेज का बस पास था। करीब 1 बजे जब बस घरौंडा पहुंची और ओवरब्रिज पर चढ़ने लगी तो छात्र ने कहा कि उसे घरौंडा बस स्टैंड पर उतरना है।

इस पर कंडक्टर ने जवाब दिया कि पानीपत से पहले कोई सवारी नहीं उतरेगी। इसके बाद छात्र और कंडक्टर के बीच बहस शुरू हो गई और छात्र ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। 1 मिनट 2 सैकेंड के वीडियो में छात्र और कंडक्टर के बीच बहस होती नजर आ रही है। कंडक्टर कहता है कि उसने करनाल में ही आवाज लगाई थी कि पानीपत से पहले कोई सवारी न बैठे। छात्र जवाब देता है कि घरौंडा में बस स्टैंड है फिर क्यों नहीं रोकी जा रही। कंडक्टर कहता है कि सस्पेंड करवा दे, कोई बात नहीं। छात्र कहता है कि पहले भी एक कंडक्टर को सस्पैंड करवाया था। वहीं अतुल के पिता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बेटा पानीपत से किसी की मदद से किराया लेकर घर पहुंचा है। टोल पर बस रोकते ही अचानक चल पड़ी जिससे बेटे का मोबाइल दरवाजे से टकराकर टूट गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *