• Fri. Dec 5th, 2025

हरियाणा में 24 साल में चौथी बार बिना बारिश के बीता नवंबर, ठंड से राहत

चंडीगढ़, 1 दिसंबर 2024 – अक्टूबर के बाद नवंबर भी सूखा रहा, यह 24 वर्षों में चौथा मौका है जब नवंबर में एक भी बूंद बारिश नहीं हुई। इस बार 100% बारिश की कमी रही, जिसका असर तापमान पर पड़ा है। रात का तापमान पिछले 14 सालों में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। हालांकि दिसंबर की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन लोग अभी भी कड़ी ठंड का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड में और समय लगेगा।

चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि नवंबर में आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ से बारिश होती है, लेकिन इस बार यह सक्रिय नहीं हो पाया। इसका मुख्य कारण उत्तरी गोलार्ध से आने वाली ठंडी हवाओं का अनुकूल न होना था। अगले 8-10 दिनों में भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। बारिश की कमी की वजह से रात का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर में औसतन 3.7% सामान्य बारिश होती है। पिछले 24 वर्षों में 2011, 2016, 2021 और 2024 में नवंबर में बारिश नहीं हुई है। पिछले साल नवंबर में सामान्य से 32% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जबकि 2020 में 76% अधिक बारिश हुई थी। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर पड़ा है। हरियाणा के कुछ जिलों में रात का तापमान पिछले 14 सालों में सबसे अधिक रहा। अंबाला में रात का औसत तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करनाल में यह 13.6 डिग्री और हिसार में 12.1 डिग्री रहा, जो पिछले कई वर्षों में सबसे अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *