• Fri. Dec 5th, 2025

केजरीवाल पर केस करेगी हरियाणा सरकार, यमुना में जहर मिलाने का आरोप

चंडीगढ़ 28 जनवरी 2025 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर साबित किया कि घटिया और झूठ की राजनीति करने के मामले में उनका कोई सानी नहीं है।  उन्होंने हरियाणा पर जो बेबुनियाद, शर्मनाक, मनगढ़ंत और झूठे आरोप लगाए हैं, जिसको लेकर हम ना केवल चुनाव आयोग को शिकायत करेंगे, बल्कि उनके खिलाफ मानहानि का मामला भी दर्ज करेंगे। केजरीवाल ने आज उस माटी का अपमान किया, जहां वे पैदा हुए।

 दरअसल, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में जहर मिला दिया है। दिल्ली जल बोर्ड की सतर्कता ने कथित जहरीले पानी को पीने के पानी में मिलाने से रोक दिया।

अगर यह पानी पीने के पानी में मिलाने के लिए दिल्ली में प्रवेश करता, तो दिल्ली में कई लोग मर जाते। इससे बड़े पैमाने पर नरसंहार होता। केजरीवाल के इस बयान के बाद से अब जमकर विवाद देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोग यमुना को एक पवित्र नदी मानते हैं और इसकी पूजा करते हैं। हरियाणा के लोग भला नदी के पानी में जहर क्यूं मिलाएंगे? उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने वर्ष 2020 में झूठा वादा किया था कि अगर यमुना को दूषित होने से नहीं बचाया तो कभी वोट नहीं मांगने आऊंगा।

इस वादे को पूरा नहीं कर सके और अब झूठ बोलकर दिल्ली की जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसा बयान आज अरविंद केजरीवाल ने दिया है, उससे तो लगता है कि चुनावों में संभावित हार को देखते हुए वे अपना मानसिक संतुलन ही खो चुके हैं क्योंकि मानसिक रूप से संतुलित व्यक्ति ऐसा बयान नहीं दे सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *