• Fri. Dec 5th, 2025

हरियाणा ने अलाइनमेंट को मंजूरी दी, राजस्थान के तीन जिलों को जल्द मिलेगा यमुना जल

28 नवंबर 2025 : राजस्थान ने शेखावाटी अंचल (सीकर, झुंझुनू, चूरू) तक यमुना का पानी लाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। नोएडा में गुरुवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में हुई अपर यमुना रिव्यू कमेटी की बैठक में हरियाणा सरकार ने हथिनी कुंड से हासियावास तक प्रस्तावित अलाइनमेंट को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी।

राजस्थान सरकार ने अलाइनमेंट तैयार किया है। कुल 300 किलोमीटर लंबाई में पाइपलाइन बिछाने के लिए अलाइनमेंट सर्वे किया गया था। इसमें 290 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और 10 किलोमीटर हिस्सा राजस्थान में होगा। अब दोनों राज्यों की संयुक्त टास्क फोर्स प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को अंतिम रूप देगी।

 
डीपीआर केंद्रीय जल आयोग को भेजी जाएगी। बैठक में बताया गया कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तीन बांध बनाए जा रहे हैं। इनका पानी भी राजस्थान को मिलेगा। बैठक में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत शामिल हुए। उन्होंने अलाइनमेंट को स्वीकृति देने पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। बैठक में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *