• Fri. Dec 5th, 2025

Punjab किसानों के लिए खुशखबरी: CM Mann का बड़ा ऐलान

पंजाब 25 सितंबर 2025 :  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए बड़ा राहत पैकेज घोषित किया है। हाल ही में आई भीषण बाढ़ के कारण करीब 5 लाख एकड़ फसल पूरी तरह नष्ट हो गई थी। ऐसे किसानों को अब सरकार ने 2 लाख क्विंटल गेहूं का बीज मुफ्त उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मुफ्त बीज किसानों को राहत पहुंचाने की दिशा में सरकार का छोटा सा प्रयास है और राज्य सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि, ”प्राकृतिक आपदा के कारण पंजाब इस समय कठिन दौर से गुजर रहा है। बाढ़ की वजह से 5 लाख एकड़ फसल खराब हो चुकी है और किसान ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि वे बीज खरीद सकें। इसी कारण सरकार ने 5 लाख एकड़ खेतों के लिए गेहूं का बीज मुफ़्त उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है, इस दौरान किसानों को 2 लाख क्विंटल बीज नि:शुल्क दिया जाएगा। हम राज्य के किसानों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके खेतों में नई जिंदगी बोने का एक छोटा सा प्रयास कर रहे हैं। इस कठिन घड़ी में हमारी सरकार किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह बीज, जिसकी कीमत लगभग 74 करोड़ रुपये है, आगामी रबी सीजन के लिए किसानों को नि:शुल्क दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के मेहनतकश किसानों ने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दिया है, और संकट की इस घड़ी में सरकार उन्हें हर संभव सहायता देगी। CM Bhagwant Mann ने अफसोस जताते हुए कहा कि,  बाढ़ ने पंजाब को अभूतपूर्व नुकसान पहुंचाया है। राज्य के 2,300 गांव प्रभावित हुए हैं, जहां 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए, 5 लाख एकड़ में खड़ी फसलें नष्ट हो गईं। इस आपदा में अब तक 56 लोगों की मौत हुई है, जबकि 7 लाख लोग बेघर हो गए। इसके अलावा, बाढ़ से 3,200 सरकारी स्कूल, 19 कॉलेज, 1,400 अस्पताल व क्लीनिक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए। साथ ही 8,500 किलोमीटर सड़कें और 2,500 पुल भी ढह गए। कुल नुकसान का अनुमान करीब 13,800 करोड़ रुपये लगाया गया है, लेकिन वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *