• Fri. Dec 5th, 2025

मुंबई में बनेंगे चार नए कबूतरखाने, BMC ने तय किया दाने डालने का समय

मुंबई 01 नवंबर 2025 : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शहर में चार नए कबूतरखाने बनाने की अंतरिम मंजूरी दी है। यह निर्णय बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार लिया गया है, जिसके तहत पहले से मौजूद कबूतरखाने बंद कर दिए गए थे।

BMC ने बताया कि नए कबूतरखानों में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक ही नियंत्रित रूप से दाने डालने की अनुमति होगी। यह अनुमति तभी दी जाएगी जब कोई स्वयंसेवी संस्था इन कबूतरखानों के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने को तैयार होगी।

महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि वाहनों और पैदल चलने वालों को कोई बाधा नहीं होनी चाहिए और परिसर की पूरी तरह से सफाई रखनी होगी। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता के लिए इन स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

चार स्थान जहां नए कबूतरखाने बनेंगे:

  1. वरळी जलाशय (जी दक्षिण वॉर्ड)
  2. अंधेरी के खारफुटी इलाके में, लोखंडवाला बैंक मार्ग के पास वर्सोवा प्रोजेक्ट (के पश्चिम वॉर्ड)
  3. मुलुंड पूर्व में पुराने ऐरोली-मुलुंड नाके के पास खाड़ी क्षेत्र (टी वॉर्ड)
  4. बोरिवली के गोराई मैदान में (आर मध्य वॉर्ड)

जैन समाज की ओर से भी मांग की गई थी कि कबूतरखानों के लिए वैकल्पिक जगहें तय की जाएं ताकि धार्मिक परंपराओं को बनाए रखते हुए नागरिकों को असुविधा न हो। इसी के बाद BMC ने 25 में से 13 वॉर्डों से नए कबूतरखानों के लिए रिपोर्ट मंगाई थी, जिनमें ये चार स्थान फिलहाल तय किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *