• Tue. Jan 27th, 2026

आज फिर शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच करेंगे किसान, अंबाला में इंटरनेट बंद, हरियाणा ने बढ़ाई सुरक्षा

हरियाणा 14 दिसंबर 2024 : हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर से आज किसान एक बार फिर दिल्ली के लिए कूच करने वाले हैं। 101 किसानों का जत्था दोपहर 12 बजे पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ेगा। हालांकि उन्हें रोकने के लिए पहले से ही बॉर्डर पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। इससे पहले उन्हें बॉर्डर से खदेड़ा जा चुका है। शंभू बॉर्डर पर आज कांग्रेस नेता व पहलवान बजरंग पुनिया भी पहुँचेंगे।

अंबाला जिले के 12 गांवों में इंटरनेट बंद 

वहीं हरियाणा सरकार ने अंबाला जिले के 12 गांवों में इंटरनेट प्रतिबंध 18 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। ये सेवाएं सुबह 6 बजे से 17 दिसंबर रात 12 बजे तक बंद रहेंगी। यह आदेश हरियाणा की गृह सचिव सुमित्रा मिश्रा ने जारी किया है। अंबाला के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गांवों डंगडेहरी, लोहगढ़, मानकपुर, डडियाना, बड़ी घेल, छोटी घेल, लहारसा, कालू माजरा, देवी नगर (हीरा नगर, नरेश विहार), सद्दोपुर, सुल्तानपुर और काकरू के क्षेत्र में किसी प्रकार की 2जी, 3जी, 4जी, 5जी फोन की इंटरनेट सेवाएं नहीं चलेंगी।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने शुक्रवार शाम को इसे लेकर बयान भी जारी किया। दिल्ली कूच की जानकारी देने के साथ उन्होंने कहा कि सरकार को लग रहा होगा कि किसान बॉर्डर क्रॉस नहीं कर पा रहे, लेकिन, हम सरकार को बता देना चाहते हैं कि 101 किसानों का जो टकराव अर्धसैनिक बलों से हो रहा है, इसकी आवाज पूरे देश के किसानों तक पहुंच रही है। उन्होंने हरियाणा और पंजाब के किसानों से बड़ी संख्या में शंभू बॉर्डर पर पहुंचने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *