• Thu. Feb 26th, 2026

Kurukshetra में फर्जी वीजा का झांसा : ठग ने मां-बेटी को बनाया शिकार

कुरुक्षेत्र 26 फरवरी 2026 : हरियाणा की कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में न्यूज़ीलैंड का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर मां-बेटी से 23 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फर्जी वीजा दिखाया और पूरी रकम ऐंठ ली। जब सच्चाई सामने आई तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय धमकियां देनी शुरू कर दीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वार्ड-10 निवासी हरप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बेटी दलजीत कौर को न्यूज़ीलैंड भेजना चाहती थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले समीर उर्फ हन्नू ने उनसे संपर्क किया। समीर ने बताया कि वह अपने साथियों अनुराग और अंकुश के साथ मिलकर विदेश भेजने का काम करता है और उनका कार्यालय लाडवा रोड पर है।

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने दो साल का वर्क वीजा और पक्की नौकरी का भरोसा देकर 23 लाख रुपये की मांग की। भरोसा कर पीड़िता ने बेटी का पासपोर्ट, फोटो और आधार कार्ड के साथ एक लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद अलग-अलग समय पर नकद और चेक के जरिए पूरी राशि दे दी गई। 8 फरवरी 2024 को छह लाख रुपये का चेक भी आरोपियों ने निकलवा लिया। बाद में आरोपियों ने मोबाइल पर वीजा की फोटो भेजी, लेकिन जांच में वीजा फर्जी निकला। पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे और धमकी देने लगे। पासपोर्ट भी वापस नहीं किया गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों पर भरोसा कर उन्होंने जमीन तक बेच दी थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *