मुंबई 17 जनवरी 2026 : पिछले 25 वर्षों से ठाकरे परिवार का गढ़ मानी जाने वाली मुंबई महानगरपालिका पर इस बार भाजपा–शिंदे गुट ने कब्जा कर लिया है। कल मुंबई महानगरपालिका चुनाव के नतीजे घोषित हुए, जिसमें भाजपा ने 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया। वहीं ठाकरे गुट को 65 सीटों पर संतोष करना पड़ा। नतीजों से साफ है कि भाजपा ने मुंबई में ठाकरे गुट को करारी शिकस्त दी है।
इसी बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने फेसबुक पोस्ट के जरिए चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी नगरसेवकों को बधाई दी।
राज ठाकरे ने क्या कहा?
राज ठाकरे ने अपने संदेश में कहा कि यह चुनाव आसान नहीं था। यह सत्ता और धनबल के मुकाबले शिवशक्ति की लड़ाई थी। इसके बावजूद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार संघर्ष किया, जो सराहनीय है। मनसे को अपेक्षित सफलता न मिलने का दुख जरूर है, लेकिन पार्टी हताश होने वालों में से नहीं है। जो नगरसेवक चुने गए हैं, वे सत्ताधारियों को मजबूती से चुनौती देंगे।
उन्होंने कहा कि मराठी भाषा, मराठी अस्मिता और समृद्ध महाराष्ट्र के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन मराठी पहचान नहीं भूलनी चाहिए।
मुंबई महानगरपालिका चुनाव परिणाम:
- भाजपा: 89
- ठाकरे गुट: 65
- शिवसेना: 29
- कांग्रेस: 24
- AIMIM: 8
- मनसे: 6
- राष्ट्रवादी कांग्रेस: 3
- समाजवादी पार्टी: 2
- शरद पवार गुट: 1
