नागपुर 17 फरवरी 2026 : दिवंगत उपमुख्यमंत्री Ajit Pawar के विमान हादसे में हुई मौत को लेकर कांग्रेस नेता Vijay Wadettiwar ने गंभीर शंका जताई है। उन्होंने कहा, “अजित पवार की मौत सिर्फ एक हादसा नहीं लगती। राज्य और देशभर में साजिश की चर्चा हो रही है। ऐसे में अगर विमान का ब्लैक बॉक्स खराब हो गया है और उससे कुछ भी सामने नहीं आता, तो ‘दाल में कुछ काला है’ कहना पड़ेगा।”
इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के विधायक Rohit Pawar ने भी संदेह जताया है। वडेट्टीवार ने हादसे की जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
वहीं, Sunetra Pawar की नियुक्ति पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि यह संबंधित पार्टी का आंतरिक फैसला है और किसी महिला का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना खुशी की बात है।
इसके अलावा पुणे के कथित जमीन घोटाले में Parth Pawar को क्लीन चिट दिए जाने पर भी वडेट्टीवार ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि इतनी बड़ी डील में पार्थ पवार को कैसे राहत दी गई। उनका आरोप है कि भाजपा के साथ रहने वालों को ही अक्सर “क्लीन चिट” मिल जाती है।
वडेट्टीवार ने अल्पसंख्यक आयोग से जुड़े स्कूल प्रमाणपत्र मामले पर भी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री की मौत जैसे गंभीर मामले में अगर लापरवाही हुई है, तो जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए।
