नई दिल्ली 22 मार्च 2026 : दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। ‘सेफ एंड सिक्योर आनलाइन मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड’ अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
इस अवसर पर प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और आर्ट आफ लिविंग के संस्थापक, श्री श्री रविशंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में देशभर से 50 हजार डायरेक्ट सेलर्स और अनुयायियों के पहुंचने की संभावना है। स्टेडियम की पूरी क्षमता भरने की उम्मीद को देखते हुए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और सुचारु आवागमन के कड़े इंतजाम किए हैं।
कई इलाकों में यातायात रहेगा प्रभावित
वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग पास धारकों के लिए निर्धारित गेट तय किए गए हैं। वीवीआईपी व वीआइपी गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे। येलो पास, आर्ट आफ लिविंग सदस्य, डायमंड और गोल्ड पास गेट नंबर 17, ग्रीन, आरेंज और येलो पास गेट नंबर 14, रेड पास गेट नंबर 13, ब्लू और उजले रंग के पास धारक गेट नंबर 10 से प्रवेश करेंगे। सुबह नौ बजे से रात 10 बजे बजे तक स्टेडियम के आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा।
इन रास्तों से बचने या वैकल्पिक मार्ग चुनने की सलाह
- जेएलएन रेड लाइट: बीपी मार्ग से आने वाले वाहनों को मेहरचंद मार्केट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- लोधी रोड और प्रगति विहार: प्रगति विहार रेड लाइट से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी, वाहनों को वापस लोधी रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा।
- लाला लाजपत राय मार्ग: स्कोप कॉक्स की ओर मुड़ने की अनुमति नहीं होगी, ट्रैफिक सीधा लोधी फ्लाईओवर की ओर जाएगा।
- बारापुला कट: आइएनए और त्यागराज स्टेडियम की ओर से आने वाले वाहनों को सीधा बारापुला पर भेजा जाएगा।
पार्किंग की व्यवस्था
- बसें: बाहर से आने वाली बसें लाल किला पार्किंग में खड़ी होंगी। वहां से यात्री मेट्रो से स्टेडियम पहुंचेंगे।
- निजी कारें: निजी कारें कुशक नाला बस डिपो और सुनहरी पुल्ला बस डिपो में खड़ी की जाएंगी।
