नई दिल्ली 27 फरवरी 2026 : होली पर भी शराब की तस्करी रोकने के ठोस प्रयास नहीं हो सके हैं। स्टाफ की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी की आशंका बनी हुई है।
हालांकि विभाग का दावा है कि सभी सीमाओं पर आबकारी विभाग के साथ साथ दिल्ली पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
दिल्ली में अधिक खतरा
दीवाली और नए साल के बाद होली ऐसा अवसर होता है जब दिल्ली में बड़े स्तर पर अवैध शराब की आपूर्ति होने की आशंका रहती है। आबकारी विभाग द्वारा इसे रोकने की भी प्रयास किए जाते हैं। दूसरे राज्यों में सस्ती होने के कारण दिल्ली में शराब की तस्करी का खतरा अधिक रहता है।
मगर जब विभाग के पास ना कर्मचारी ना संसाधन पर्याप्त हों तो ऐसे में किस तरह अवैध शराब पर रोक लगाई जा रही होगी यह समझने वाली बात है। पिछले कुछ सालों को देखें तो यह कार्रवाई पूर्व के सालों से कम होती जा रही है।
इसका बड़ा कारण विभाग के प्रवर्तन विंग में कर्मचारियों की भारी कमी माना जा रहा है। हालांकि आबकारी विभाग का दावा है कि विभाग पूरी तरह से शराब की तस्करी रोकने के लिए काम कर रहा है और दिल्ली की सीमा सहित तस्करी वाले संभावित क्षेत्रों में टीमें तैनात की गई हैं।
60 में से 43 पद खाली
विभाग की स्थिति की बात करें तो विभाग की सतर्कता विंग में कुल 60 स्वीकृत पदों में से 43 खाली पड़े हैं ,केवल 17 पद भरे हुए हैं। इसी विंग पर अवैध शराब की गतिविधियां रोकने की जिम्मेदारी है।
दिल्ली में भाजपा की सरकार आने के बाद होली चौथा ऐसा मौका है जब शराब की तस्करी रोकने के लिए पर्याप्त स्टाफ और संसाधन उपलब्ध नहीं हो पाए हैं।
