नई दिल्ली 13 मार्च 2026 : केंद्रीय राज्य मंत्री (आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय) तोखन साहू ने दिल्ली मेट्रो के एक उत्साहशील यात्री को 24 वर्षों तक हर नए काॅरिडोर की पहली ट्रेन में सफर करने की उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने दिल्ली मेट्रो के उत्साहशील यात्री अनिल मारवाह को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में नव-उद्घाटित प्रत्येक मेट्रो काॅरिडोर के उद्घाटन दिवस पर पहली ट्रेन में यात्रा करने की उनकी उल्लेखनीय व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
यह सम्मान समारोह बुधवार को नई दिल्ली में दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक डाॅ. विकास कुमार की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
2002 में की थी अपनी पहली मेट्रो यात्रा
मारवाह ने पिछले 24 वर्षों से इस कार्य काे कायम रखा है। वर्ष 2002 की अपनी पहली यात्रा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मेट्रो भारत में शहरी परिवहन में एक ऐतिहासिक मोड़ लाई है, जिससे पूरे शहर में कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है और सड़क परिवहन पर निर्भरता कम हुई है।
मारवाह को बधाई देते हुए साहू ने कहा कि ऐसी कहानियां दिल्ली मेट्रो के साथ नागरिकों के गहरे भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती हैं। उन्होंने मेट्रो को शहरी परिवहन का एक गतिशील समाधान और भारत के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का प्रतीक बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन सरकार के कार्यकाल में हुई थी, जिनकी दूरदृष्टि ने देश में आधुनिक मेट्रो रेल प्रणालियों की नींव रखी और देशभर में मेट्रो नेटवर्क के तीव्र विस्तार को गति दी।
