• Mon. Mar 23rd, 2026

वाल्मीकि समाज पर टिप्पणी से बवाल, आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार

23 मार्च 2026 : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रविवार को वाल्मीकि समुदाय के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद मामले में एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी वसीम रजा ने एक पीलीभीत टाइगर रिजर्व में भ्रमण के दौरान एक वीडियो बनाकर अपने मिस्टर पीलीभीत पेज पर साझा किया था। उसने बताया कि वीडियो में रजा ने कथित तौर पर वाल्मीकि समुदाय के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। 

पुलिस के मुताबिक घटना नाराज वाल्मीकि समुदाय के लोग मोहल्ला नखासा स्थित वाल्मीकि मंदिर के नजदीक एकत्र हुए और जुलूस निकाला। समुदाय के लोगों ने विरोध में गैस चौराहे पर रास्ता जाम कर दिया। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला। 

पुलिस ने देर शाम प्राथमिकी लिख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मोहल्ला नखासा निवासी हिमांशु नंदन की तहरीर पर आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वसीम रजा के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियात के तौर पर मोहल्ला नखासा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पीएसी तथा अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *