09 अक्टूबर 2025 : देश के कई राज्यों में अब ठंड ने दस्तक दे दी है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई मैदानी राज्यों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। दिल्ली-एनसीआर में अब लोग रात के समय पंखे या कूलर चलाने से परहेज कर रहे हैं और हल्के कंबल का इस्तेमाल भी शुरू हो गया है। इसी बीच देश के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर भी जारी है।
इन 12 राज्यों में बारिश की चेतावनी
IMD ने दक्षिण और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
| क्षेत्र | राज्य/इलाके | चेतावनी की अवधि |
|---|---|---|
| दक्षिण भारत | तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और माहे | 9 से 12 अक्टूबर |
| पूर्वी भारत | ओडिशा | 9 से 11 अक्टूबर |
| पूर्वोत्तर भारत | असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा | 9 से 10 अक्टूबर |
| पूर्वोत्तर भारत | अरुणाचल प्रदेश | 10 अक्टूब |
तेलंगाना में तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से गिरा पारा
उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई ऊँचाई वाले क्षेत्रों में ताज़ा बर्फबारी हुई है, जिसके कारण इन क्षेत्रों में शीतलहर जारी है। इस बर्फबारी के चलते मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया है और लेह जाने वाले वाहनों को दारचा में रोक दिया गया है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति के गोंधला में 30 सेंटीमीटर, केलांग में 15 सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 3.2 सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज की गई।
बर्फबारी के कारण इन इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया। निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मध्यम से बहुत भारी बारिश भी हुई है, जिससे अधिकतम तापमान में भी 7 से 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
राजस्थान का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आज से मौसम शुष्क रहेगा। बारिश के बाद यहाँ दिनभर धूप खिली रहेगी। अगले एक सप्ताह तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। राजस्थान में सर्दी का ज़ोर अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या नवंबर की शुरुआत में बढ़ने की उम्मीद है।
