• Tue. Jan 27th, 2026

फिर लौट रही ठंड: दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश व शीतलहर का अलर्ट

24 जनवरी 2026 : अगर आप यह सोचकर रजाई और गर्म कपड़े समेटने की तैयारी कर रहे हैं कि अब ठंड खत्म हो चुकी है, तो रुक जाइए। मौसम विभाग (IMD) और मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक ठंड एक बार फिर जोरदार वापसी करने वाली है। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में आने वाले दिनों में बारिश, तेज हवाएं और शीतलहर का असर देखने को मिलेगा।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में चलने वाली तेज व ठंडी हवाएं तापमान को तेजी से नीचे गिरा सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 से 26 जनवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हालांकि दिन का अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

इन राज्यों में बारिश की पूरी संभावना

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की पूरी संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में 27 जनवरी से मौसम और बिगड़ सकता है। 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के आसार हैं। अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तापमान तेजी से गिर सकता है। सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी।

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज

उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह घने काले बादलों के साथ मौसम ने अचानक करवट ली। कहीं हल्की बर्फबारी तो कहीं बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई। इसका असर दिल्ली समेत कई इलाकों में आम जनजीवन पर पड़ा। दिल्ली में बारिश और ठंडी हवाओं के चलते गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल भी प्रभावित हुई। लंबे समय से चल रहे शुष्क मौसम का सिलसिला बारिश और बर्फबारी के साथ टूट गया, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। इस मौसम बदलाव से किसानों ने राहत की सांस ली है, वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों में भी खुशी देखी जा रही है।

पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, जनजीवन प्रभावित

जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में ताजा हिमपात के कारण हालात चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। माता वैष्णो देवी यात्रा को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा और कश्मीर में 20 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं।

अधिकारियों के मुताबिक गुलमर्ग में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई। सोनमर्ग (गांदरबल जिला) में छह इंच से ज्यादा बर्फ जमी और पहलगाम (अनंतनाग जिला) में करीब तीन इंच बर्फ गिरी।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मौजूदा मौसम प्रणाली शुक्रवार शाम तक सक्रिय रहेगी। पीर-पंजाल पर्वतमाला, चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, बर्फबारी या ओलावृष्टि की संभावना है। जम्मू के राजौरी, पुंछ और कठुआ जिलों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद स्कूलों को बंद कर दिया गया है। जम्मू शहर और आसपास के मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे दो महीने से ज्यादा समय से चला आ रहा सूखा मौसम खत्म हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *