• Thu. Apr 2nd, 2026

CM योगी ने त्योहारों पर सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने के दिए निर्देश

लखनऊ 20 सितंबर 2025 :  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि आगामी पर्व और त्योहारों को लोग हर्ष उल्लास के साथ मनाएं और इस दौरान जनता की सुरक्षा एवं सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों के सुचारु आयोजन, स्वच्छता, बेहतर कानून व्यवस्था आदि महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में शासन-प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएम योगी ने ली अधिकारियों से जानकारी 
बैठक में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समस्त मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (ज़ोन), समस्त पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक आदि वरिष्ठ अधिकारियों की सहभागिता रही। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव से त्योहारों के दृष्टिगत उनकी विभागीय तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। 

’22 सितंबर से प्रदेशव्यापी ‘मिशन शक्ति 5.0′ की शुरुआत होगी’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति कार्यक्रम नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को व्यक्त करता है। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन आगामी 22 सितंबर से प्रदेशव्यापी ‘मिशन शक्ति 5.0′ की शुरुआत होगी। चरणबद्ध रूप से यह अभियान एक माह तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी संबंधित विभाग तैयारियां सुनिश्चित करें। आदित्यनाथ ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए 21 सितंबर को महिला पुलिसकार्मिकों द्वारा हर जनपद में एक बाइक रैली निकाली जाए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *