होशियारपुर, 26 जनवरी 2026 : 77वें गणतंत्र दिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों को अपराध की दुनिया छोड़ देनी चाहिए। उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई है, अन्यथा उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उनकी मदद करने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि पंजाब में एकता और भाईचारा बनाए रखा जाएगा।
समारोह के दौरान उन्होंने कहा, “आज 77वें गणतंत्र दिवस पर मैं सभी पंजाबवासियों और देशवासियों को बधाई देता हूं। मैं उन हजारों देशभक्तों और वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने हमारे देश की आज़ादी के संघर्ष में अपने प्राण न्योछावर किए। मैं तीनों सशस्त्र सेनाओं के बहादुर जवानों को सलाम करता हूं, जो देश की एकता और अखंडता की रक्षा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि 1950 में इसी दिन हमारा संविधान लागू हुआ था, इसलिए यह दिन बेहद खास है। मैं इस अवसर पर बाबा भीमराव अंबेडकर के संघर्ष को भी नमन करता हूं। आज़ादी की लड़ाई में पंजाबियों ने सबसे बड़ी कुर्बानियां दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभाजन के समय पंजाब को सबसे अधिक नुकसान झेलना पड़ा। पंजाबियों ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश को भुखमरी से बचाने में पंजाब सबसे आगे रहा है। पंजाब देश के अनाज भंडार में 60 प्रतिशत योगदान देता है। पिछले साल पंजाब को भीषण बाढ़ का सामना करना पड़ा था। अगर यह कोई और राज्य होता तो इस आपदा से उबरने में कई साल लग जाते, लेकिन पंजाबियों में एक-दूसरे का साथ देने की हिम्मत और जज़्बा है।
