नई दिल्ली 25 सितंबर 2025 : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर उत्सुकता जारी है। वर्तमान अध्यक्ष जे. पी. नड्डा का कार्यकाल समाप्त होने के डेढ़ साल हो चुके हैं, उन्हें कार्यकाल बढ़ाया गया है। लेकिन अब तक भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं मिला है। इस पद के लिए कई दिग्गज नेताओं के नाम चर्चित हैं, जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे है। इस पर फडणवीस ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
फडणवीस ने भाजपा अध्यक्ष पद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पार्टी में भूमिका पर विस्तार से बात की। इंडिया टुडे समूह के मंच पर उन्होंने कई विषयों पर अपनी राय रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अगले पांच साल मुख्यमंत्री के रूप में महाराष्ट्र में रहेंगे और राज्य छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की नियुक्ति पिछले डेढ़ साल से लंबित है। इस पर फडणवीस ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। मीडिया में कई नामों की चर्चा है, जिन्हें सुनकर उन्हें आश्चर्य भी हुआ।
जब उनके महत्वाकांक्षाओं के बारे में सवाल किया गया, तो फडणवीस ने कहा, “मैं भाजपा के लिए काम करता हूं। मुंबई में कौन हो, दिल्ली या नागपुर में कौन हो, यह हमारे पार्टी में कोई एक व्यक्ति तय नहीं करता। भाजपा में निर्णय कोई एक नहीं करता, बल्कि पार्टी मिलकर निर्णय लेती है।”
उन्होंने आगे कहा, “जहां तक मुझे पार्टी की कार्यपद्धति का ज्ञान है, उसके आधार पर मैं यह जरूर कह सकता हूं कि मैं अगले पांच साल महाराष्ट्र में रहूंगा। पांच साल बाद पार्टी जो निर्णय करेगी, वैसा होगा।”
भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कब मिलेगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा, “इस सवाल को हल करने का प्रयास आप न करें, पार्टी इसका उत्तर जल्द ही ढूंढेगी। सभी चीजें उचित समय पर होंगी, सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वर्तमान में कोई पेच नहीं है। अध्यक्ष पद का चुनाव जल्द ही होगा।”
फडणवीस ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा का अगला अध्यक्ष निश्चित रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा का होगा।
