• Tue. Jan 27th, 2026

बढ़ते अपराधों पर भड़के चिराग, बोले– बिहारी कब तक चढ़ेंगे हत्या की भेंट?

13 जुलाई 2025 : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में शनिवार को 60 वर्षीय एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मृतका पटना के एक अस्पताल में कार्यरत थी और उसकी पहचान सुशीला देवी (60) के रूप में हुई है। यह घटना नूरसराय पुलिस थाने के अंतर्गत डोइया गांव में शनिवार सुबह करीब 10 बजे घटी। सुशीला देवी इस दौरान अपने खेत से लौट रही थीं। 

सदर-2 उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संजय कुमार जायसवाल ने मीडिया को बताया, “महिला के बेटे के अनुसार, हमलावरों ने घात लगाकर उसके सिर में गोली मार दी। उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि घटना के पीछे का कारण कोई पुराना संपत्ति संबंधी विवाद हो सकता है… आगे की जांच जारी है।” 

इस बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बढती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है। हाजीपुर से लोकसभा सदस्य ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “कितने बिहारी मारे जाएंगे? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *