• Mon. Feb 2nd, 2026

Indigo फ्लाइट में मिली बम की सूचना, 237 यात्रियों के साथ करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

वाराणसी 02 फरवरी 2026 इंडिगो एयरलाइंस के विमान में बम होने की सूचना पर उसे रविवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में कुल 237 यात्री सवार थे। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के अनुसार विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बम निरोधक दस्ता, दमकल गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों एवं विमान की गहन तलाशी ली गई। 

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हैदराबाद से वाराणसी आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान में मिले एक कागज के टुकड़े पर लिखा था कि विमान में बम रखा है और किसी भी वक्त फट सकता है। उन्होंने बताया कि इस पर चालक दल के सदस्यों ने वायु यातायात नियंत्रण कक्ष को सूचित किया, जिसके बाद वाराणसी के बाबतपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उन्होंने बताया कि विमान को पूर्वी छोर पर रोक कर रखा गया और यात्रियों को नीचे उतारा गया। 

सूत्रों ने बताया कि विमान में बम की सूचना पर बम निरोधक दस्ता, दमकल विभाग के कर्मचारी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल तथा पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। सूत्रों ने बताया कि विमान की सघन तलाशी ली गई, साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों की भी तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि हालांकि इस दौरान कोई भी विस्फोटक या अन्य कोई हानिकारक सामग्री नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *