भिवंडी 20 फरवरी 2026 : भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के मेयर चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। चुनाव में 48 वोट हासिल कर भिवंडी सेक्युलर फ्रंट के उम्मीदवार और भाजपा के बागी नेता नारायण चौधरी मेयर चुने गए।
भाजपा की स्नेहा पाटिल को सिर्फ 16 वोट मिले, जबकि कोणार्क विकास आघाड़ी के विलास पाटिल को 25 वोट प्राप्त हुए। खास बात यह रही कि शिवसेना के पार्षदों ने भी कोणार्क विकास आघाड़ी का समर्थन किया।
मेयर पद के लिए हुए मतदान में शुरुआत में कई उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन 6 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया, जिसके बाद मुकाबला तीन उम्मीदवारों के बीच रह गया। हाथ उठाकर वोटिंग की प्रक्रिया में नारायण चौधरी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया।
बताया जा रहा है कि भाजपा में अंदरूनी खींचतान के चलते नारायण चौधरी ने पार्टी से बगावत कर सेक्युलर फ्रंट का साथ दिया, जिससे चुनाव का समीकरण बदल गया। उन्हें भाजपा के 6, कांग्रेस के 30 और अन्य दलों के समर्थन से कुल 48 वोट मिले।
इस चुनाव को चंद्रपुर की राजनीतिक हार का ‘बदला’ भी माना जा रहा है, जिसकी राज्यभर में चर्चा है।
वहीं, चुनाव से पहले पूर्व मेयर विलास पाटिल की गिरफ्तारी ने भी माहौल को और गरमा दिया था। उन्हें पुलिस सुरक्षा में मतदान के लिए लाया गया, जिससे इस चुनाव की राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई।
