नई दिल्ली 10 मार्च 2026 : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने एलान किया है कि 15 मार्च को बीसीसीआई अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन करेगा। इसमें हाल में विजेता बनी टीमों के सदस्य मौजूद रहेंगे। भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भी नमन अवॉर्ड्स सेरेमनी में शामिल होगी।
टी20 चैंपियन के अलावा महिला टीम ने भी 2025 में वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। इसके अलावा अंडर-19 टीम भी विश्व कप जीती थी। ऐसे में सभी चैंपियंस को सम्मानित किया जाएगा। इसमें टीम कप्तान ही नहीं बल्कि सभी सदस्य मौजूद रहने वाले हैं। खिलाड़ियों के अलावा सपोर्ट स्टाफ और कोच को भी सम्मानित किया जाएगा। इसकी जानकारी खुद सैकिया ने दी है। इस दौरान उन सभी टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहेंगे, जिन्होंने 2025 में आईसीसी ट्रॉफी भारत को जिताई है।
देवजीत सैकिया ने किया एलान
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सैकिया ने कहा, “बीसीसीआई अवॉर्ड्स सेरेमनी 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इसमें हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप विजेताओं सहित अन्य टूर्नामेंट की विजेता टीम, कोच और सपोर्ट स्टाफ को आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन में महिला सीनियर टीम, महिला अंडर-19 टीम, पुरुष अंडर-19 टीम और सीनियर पुरुष टीम शामिल होगी, जिन्होंने पिछले साल आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की थी।”
बीसीसआई सचिव ने आगे कहा, “हम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने वाली टीम को भी आमंत्रित करेंगे। भारतीय टीम ने पिछले एक सालों के दौरान 5 आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की है और उन सभी टीमों के सदस्य को सम्मानित किया जाएगा।” रिपोर्ट्स के मुताबिक ये अवॉर्ड सेरेमनी एयरपोर्ट के पास किसी फाइव स्टार होटल में होने की उम्मीद है।
टीम इंडिया बनी टी20 चैंपियन
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर अपना टाइटल डिफेंड किया। इसी के साथ भारत एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने तीन बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। बीसीसीआई अब जल्द से जल्द अवॉर्ड सेरेमनी करने वाला है क्योंकि 28 मार्च से आईपीएल की शुरूआत होने वाली है। पुरस्कार समारोह के बाद खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी से जुड़ जाएंगे।
