लुधियाना 16 मार्च 2026 : महानगर में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त को चुनौती दी है। बड़ेवाल रोड स्थित एस.बी.आई. (SBI) बैंक की खजाना ब्रांच से जुड़ा है, जहां देर रात अज्ञात लुटेरों ने आशापुरी चौक के पास स्थित एक ए.टी.एम. मशीन को अपना निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, लुटेरे वारदात को अंजाम देने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाए, लेकिन उन्होंने मशीन के ताले काटकर रख दिए।
पुलिस को दी शिकायत में बैंक के डिप्टी मैनेजर संजीव कुमार ने बताया कि वह एस.बी.आई. खजाना ब्रांच, घुमार मंडी में तैनात हैं। उन्हें सुबह करीब 7:00 बजे चीफ मैनेजर अश्वनी महाजन का फोन आया। मैनेजर ने सूचित किया कि 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात को आशापुरी चौक के सामने स्थित ‘मिया फर्नीचर’ के पास लगे ए.टी.एम. में सेंधमारी का प्रयास हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। बैंक अधिकारियों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह वारदात रात करीब 02:30 से 03:00 बजे के बीच हुई।
अज्ञात शातिर चोरों ने ए.टी.एम. के केबिन में दाखिल होकर मशीन के ताले काट दिए। चोरों का इरादा मशीन के भीतर मौजूद लाखों की नगदी पर हाथ साफ करना था। गनीमत रही कि चोरी की यह कोशिश पूरी तरह कामयाब नहीं हो सकी। पुलिस अब घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि रात के अंधेरे में वारदात करने आए इन बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।
