मुंबई 15 दिसंबर 2025 : महानगरपालिका चुनावों से पहले महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में मुंबई में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर की पत्नी तेजस्वी घोसालकर ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) से इस्तीफा दे दिया है और आज उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना है। यह पार्टी प्रवेश मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की मौजूदगी में होने की जानकारी है।
तेजस्वी घोसालकर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने इस्तीफे की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि यह फैसला उनके लिए बेहद दर्दनाक है और भारी मन से लिया गया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनका आना किसी महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि अपने ससुर विनोद घोसालकर और पति अभिषेक घोसालकर का साथ देने के लिए था।
पोस्ट में उन्होंने पति अभिषेक घोसालकर की हत्या के बाद अपने जीवन में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि दो छोटे बच्चों, टूटे मन और जनता की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने खुद को संभाला। उन्होंने माना कि मौजूदा परिस्थितियों में जनता के काम, बच्चों के भविष्य और क्षेत्र की समस्याओं को सुलझाने के लिए उन्हें एक नया और मजबूत सहारा चाहिए।
तेजस्वी घोसालकर ने साफ किया कि उनका फैसला किसी के खिलाफ नहीं है और शिवसैनिकों से मिला प्यार व साथ वह कभी नहीं भूलेंगी। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी बिना जाति-धर्म-पार्टी देखे लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगी। इसी भावनात्मक संदेश के साथ उन्होंने शिवसेना की सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की।
