• Mon. Feb 23rd, 2026

टोहाना में पंजाब से खाटू श्याम जा रही बस हादसे का शिकार, बाल-बाल बचे यात्री

22 फरवरी 2026 : टोहाना के रास्ते पंजाब के लुधियाना से खाटू श्याम जा रही टूरिस्ट बस शहर में शहीद चौक पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा अल सुबह करीब 2 बजकर 50 मिनट पर शहीद चौक पर हुआ, जब बस चौक की बाउंड्री पर चढ़ गई। गनीमत रही कि बस में सवार 60 से अधिक यात्रियों में से किसी को भी चोट नहीं आई।

बस में सवार यात्रियों के अनुसार घटना का मुख्य कारण बस चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी को धीरे-धीरे सुरक्षित बस से नीचे उतार लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। क्रेन की मदद से बस को चौक से नीचे उतारा गया।

बस में महिलाएं और बच्चे भी थे शामिल

लुधियाना निवासी नरेश जैन और अमन ने बताया कि वे सभी पंजाब के लुधियाना से राजस्थान में खाटूश्याम जी के मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सो रहे थे, तभी अचानक चालक को नींद आ गई और बस शहीद चौक पर चढ़ गई। बस में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जो सभी सुरक्षित बताए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *