• Wed. Nov 25th, 2026

चंडीगढ़ ट्राइसिटी के गुरुद्वारों में प्रकाश पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, रोशनी और कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल

25 नवंबर 2026 :  श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरे ट्राइसिटी क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। गुरुद्वारों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया, जबकि सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने और गुरु घर की खुशियों में शामिल होने पहुंचे।

पंचकूला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब में दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, मोहाली स्थित गुरुद्वारा श्री अंब साहिब में भी दिनभर संगत की आवाजाही बनी रही। चंडीगढ़ के सेक्टर-8, 19, 34 और 38 सहित कई गुरुद्वारों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर गुरु साहिब के सामने शीश नवाया।

गुरुद्वारों में सुबह से धार्मिक कार्यक्रम

प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारों में सुबह आसा दी वार, अखंड पाठ साहिब के भोग और शबद-कीर्तन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद रागी जत्थों ने गुरबाणी का गायन किया और कथा के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश दिया।

चंडीगढ़ के सेक्टर-19 स्थित गुरुद्वारे में श्री दरबार साहिब, अमृतसर से आए हजूरी रागियों ने कीर्तन किया। वहीं, सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में सुबह 5:30 बजे से धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए, जो रात तक जारी रहे।

लंगर और सेवा में शामिल हुए लोग

प्रकाश पर्व पर सेवा की भावना भी देखने को मिली। कई परिवारों और स्थानीय संगठनों ने अलग-अलग सेक्टरों में लंगर और चाय-नाश्ते के स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर राहगीरों और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया गया। गुरुद्वारों में संगत ने लंगर छका और स्वयंसेवकों ने सेवा में योगदान दिया।

सेक्टर-22 स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया। स्कूल के एनएसएस स्वयंसेवकों ने लंगर सेवा में भी हिस्सा लिया।

रक्तदान और मेडिकल कैंप भी लगाए गए

प्रकाश पर्व के अवसर पर सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सेक्टर-19 के गुरुद्वारे में लगाए गए रक्तदान शिविर में करीब 44 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। वहीं, सेक्टर-38 स्थित गुरुद्वारे में लोगों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

आतिशबाजी को लेकर भी रही चर्चा

शाम के समय कई इलाकों में दीपमाला और रोशनी से उत्सव का माहौल बना रहा। पुलिस की ओर से रात 8 बजे से 10 बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, वायु गुणवत्ता को देखते हुए कुछ गुरुद्वारा प्रबंधकों ने श्रद्धालुओं से आतिशबाजी से बचने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *