25 नवंबर 2026 : हरियाणा के धान उत्पादक इलाकों में पराली जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को राज्य में पराली जलाने के सात नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही 15 सितंबर से 25 नवंबर तक राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 341 हो गई है। हरियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (HARSAC) के आंकड़ों के अनुसार, कैथल जिला 84 मामलों के साथ सबसे आगे है।
हालांकि, पिछले वर्षों की तुलना में इस सीजन में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी दर्ज की गई है। पिछले साल इसी अवधि तक हरियाणा में 623 मामले सामने आए थे। वहीं 2024 में 1,315, 2023 में 2,278, 2022 में 3,581 और 2021 में 6,829 मामले दर्ज किए गए थे।
कैथल में सबसे ज्यादा 84 मामले दर्ज
जिला स्तर पर कैथल में सबसे अधिक 84 मामले सामने आए हैं। इसके बाद जींद में 51, फतेहाबाद में 34, करनाल में 25, कुरुक्षेत्र में 21 और रोहतक में 22 मामले दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा अंबाला में 22, हांसी में 20, पलवल में 17, सोनीपत में 16, हिसार में 10, सिरसा में 9, यमुनानगर में 5, पानीपत में 4, झज्जर में 4, भिवानी में 3 और फरीदाबाद में 3 मामले सामने आए हैं। पंचकूला में एक मामला दर्ज किया गया है।
इन छह जिलों कैथल, जींद, फतेहाबाद, करनाल, रोहतक और कुरुक्षेत्र में कुल 237 मामले दर्ज हुए हैं, जो राज्य के कुल मामलों का लगभग 70 प्रतिशत है।
97.5 प्रतिशत क्षेत्र में पूरी हुई धान की कटाई
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में कुल 14,79,689.76 हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 14,42,345.72 हेक्टेयर में कटाई पूरी हो चुकी है। यानी राज्य में लगभग 97.5 प्रतिशत धान क्षेत्र की कटाई हो चुकी है।
विभाग की टीमों ने अब तक 141 स्थानों का भौतिक सत्यापन किया है। इसके अलावा नोडल अधिकारियों ने 80 खेतों में पराली जलाने के निशान मिलने की जानकारी दी है। इस तरह कुल 221 खेतों में पराली जलाने की पुष्टि हुई है।
7.95 लाख रुपये का जुर्माना, 127 FIR दर्ज
पराली जलाने की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग ने 134 मामलों में कुल 7.95 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसमें से 4.35 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। इसके अलावा 127 FIR दर्ज की गई हैं और 49 मामलों में किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है।
लापरवाही के आरोप में दो अधिकारियों को निलंबित किया गया है, जबकि संबंधित क्षेत्रों में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने में विफल रहने पर 235 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
किसानों को जागरूक करने के साथ निगरानी बढ़ाई
अतिरिक्त कृषि निदेशक प्रदीप मील ने बताया कि किसानों में पराली प्रबंधन को लेकर बढ़ती जागरूकता और संयुक्त टीमों की निगरानी के कारण इस साल मामलों में काफी कमी आई है। विभाग की टीमें खेतों पर लगातार नजर रख रही हैं, ताकि पराली जलाने की घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि दो एकड़ से कम जमीन पर पराली जलाने पर 5,000 रुपये, दो से पांच एकड़ जमीन पर 10,000 रुपये और पांच एकड़ से अधिक जमीन पर 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है।
विभाग का कहना है कि किसानों को पराली जलाने के बजाय इसके उचित प्रबंधन के लिए उपलब्ध विकल्पों को अपनाना चाहिए। इससे पर्यावरण प्रदूषण कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है।
