• Wed. Nov 25th, 2026

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चंडीगढ़ और पंजाब की जीत, चंडीगढ़ ने मिजोरम को 58 रन से हराया

25 नवंबर 2026 : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में चंडीगढ़ और पंजाब की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। चंडीगढ़ ने मिजोरम को 58 रन से हराया, जबकि पंजाब ने सौराष्ट्र के खिलाफ सात विकेट से शानदार जीत हासिल की।

शिवम भांबरी की कप्तानी पारी से चंडीगढ़ की जीत

मुंबई में खेले गए मुकाबले में चंडीगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। टीम के कप्तान शिवम भांबरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 61 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और पांच छक्के शामिल रहे।

अर्जुन आजाद ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। वहीं संयम सैनी ने 23 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली। मिजोरम की ओर से लालुनफेला और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिजोरम की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 129 रन ही बना सकी। विकेटकीपर बल्लेबाज जेहू एंडरसन ने नाबाद 50 रन बनाए, जबकि मनेन्द्र सिंह ने 39 रन का योगदान दिया।

चंडीगढ़ की ओर से हार्दिक चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इस तरह चंडीगढ़ ने मुकाबला 58 रन से अपने नाम कर लिया।

पंजाब ने सौराष्ट्र को सात विकेट से हराया

इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में पंजाब ने सौराष्ट्र को सात विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र की टीम ने 20 ओवर में 140 रन बनाए। हरविक देसाई ने 31 गेंदों में 51 रन की पारी खेली।

पंजाब की ओर से इमानजोत सिंह चहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 29 रन देकर चार विकेट हासिल किए। सुखदीप बाजवा ने भी दो विकेट झटके।

141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की और केवल 12.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 143 रन बना लिए।

अनमोलप्रीत सिंह ने 35 गेंदों में 52 रन बनाए। वहीं नमन धीर ने केवल 16 गेंदों में 42 रन की तेज पारी खेली, जिसमें छह छक्के शामिल रहे। रामंदीप सिंह ने भी 12 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

इस जीत के साथ पंजाब और चंडीगढ़ ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *