23 नवंबर 2026 : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक कई कैबिनेट मंत्रियों की उम्मीदवारी घोषित नहीं की गई है। टिकटों की घोषणा में देरी के बीच पार्टी के अंदर नए दावेदार सामने आने लगे हैं, जिससे कुछ मंत्रियों की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
जालंधर में पार्टी ने नौ विधानसभा सीटों में से आठ पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। जालंधर वेस्ट की आरक्षित सीट पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के नाम की घोषणा अभी बाकी है। भगत के पास रक्षा सेवा कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी और बागवानी विभाग की जिम्मेदारी है।
इस सीट पर टिकट की घोषणा में देरी के बीच आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। इनमें जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह और युवा नेता रॉबिन सांपला प्रमुख हैं। रॉबिन सांपला ने कुछ दिन पहले पंजाब AAP प्रभारी मनीष सिसोदिया से मुलाकात कर अपनी दावेदारी रखी थी। उनके समर्थक सोशल मीडिया पर भी उन्हें उम्मीदवार के रूप में पेश कर रहे हैं।
दूसरी ओर, संभावित विरोध और पार्टी के अंदर असंतोष को देखते हुए मोहिंदर भगत ने रविवार को जालंधर के बबरीक चौक में अपना नया कार्यालय खोला और वहां हवन भी करवाया। भगत का कहना है कि नया कार्यालय लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक होगा और यहां पार्किंग की बेहतर व्यवस्था भी उपलब्ध है।
मोहिंदर भगत ने टिकटों की घोषणा में देरी को पार्टी की रणनीति बताया। उनके अनुसार, पहले मौजूदा विधायकों, फिर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारियों और उसके बाद मंत्रियों के नाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के नाम तीसरी या चौथी सूची में आ सकते हैं।
गौरतलब है कि मोहिंदर भगत ने 2024 के जालंधर वेस्ट उपचुनाव में AAP के टिकट पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार शीतल अंगुराल को 37 हजार से अधिक वोटों से हराया था।
AAP ने 31 अक्टूबर को अपनी पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित कई मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया था। पार्टी की आगामी सूचियों में अन्य मंत्रियों, विधायकों और नए चेहरों के नाम शामिल होने की संभावना है।
