• Mon. Nov 23rd, 2026

दिल्ली के 8 बाल सुधार गृहों में क्षमता से लगभग दोगुने बच्चे, 400 की जगह रह रहे 754 बच्चे

23 नवंबर 2026 : दिल्ली के बाल सुधार गृहों में बच्चों की संख्या निर्धारित क्षमता से काफी अधिक हो गई है। राजधानी के आठ सरकारी किशोर न्याय आवासीय संस्थानों में कुल 400 बच्चों के रहने की व्यवस्था है, लेकिन यहां 754 बच्चे रह रहे हैं। यानी इन संस्थानों में उनकी निर्धारित क्षमता से करीब 89 प्रतिशत अधिक बच्चे रह रहे हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की 13 नवंबर को जारी नवीनतम सूची के अनुसार, 26 अक्टूबर तक इन संस्थानों में कुल 754 बच्चे दर्ज किए गए थे। इस स्थिति के कारण बच्चों के रहने, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सबसे ज्यादा भीड़ मैगजीन रोड स्थित लड़कों के प्लेस ऑफ सेफ्टी में है। यहां 50 बच्चों की क्षमता के मुकाबले 240 बच्चे रह रहे हैं। वहीं, दिल्ली गेट स्थित ऑब्जर्वेशन होम-I में 50 की क्षमता के मुकाबले 170 बच्चे हैं।

इसके अलावा सेवा कुटीर स्थित लड़कों के तीन ऑब्जर्वेशन होम में कुल 150 बच्चों की क्षमता है, जबकि वहां 306 बच्चे रह रहे हैं। दूसरी ओर, निर्मल छाया स्थित लड़कियों के ऑब्जर्वेशन होम में 50 की क्षमता के मुकाबले केवल 14 लड़कियां रह रही हैं।

बढ़ती भीड़ और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कुछ बाल सुधार गृहों की इमारतों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए तीन परिसरों में भवनों की संरचनात्मक स्थिति की जांच के लिए कोटेशन मांगे गए हैं। इस काम पर करीब 12.73 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसके लिए 45 दिनों का समय निर्धारित किया गया है।

दिल्ली हाईकोर्ट भी बाल सुधार गृहों में क्षमता से अधिक बच्चों के रहने के मुद्दे पर चिंता जता चुका है। अदालत ने दिल्ली के मुख्य सचिव से इस मामले में जवाब मांगा है।

हालांकि, प्रस्तावित ऑडिट का उद्देश्य इमारतों की मजबूती और सुरक्षा की जांच करना है। यह प्रक्रिया अपने आप में बच्चों की अधिक संख्या की समस्या का समाधान नहीं करेगी। सरकार के सामने अब बच्चों के लिए पर्याप्त जगह, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और पुनर्वास की सुविधाएं सुनिश्चित करने की चुनौती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *