22 नवंबर 2026 : शहर के सेक्टर-10 में आयोजित चंडीगढ़ कार्निवल 2026 में विंटेज और क्लासिक कारों की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पुराने वाहनों के प्रति जुनून रखने वाले कार मालिकों ने अपनी बेशकीमती कारों को प्रदर्शित किया। इन कारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग, खासकर ऑटोमोबाइल प्रेमी और फोटोग्राफर पहुंचे।
इस प्रदर्शनी का आयोजन विंटेज एंड क्लासिक कार क्लब चंडीगढ़ की ओर से किया गया। क्लब के अध्यक्ष ब्रिगेडियर जेएस फूलका (सेवानिवृत्त) हैं, जबकि बीएस मंको क्लब के सचिव हैं। सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी के बाहर इन कारों को प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में सबसे पुरानी कार 1925 मॉडल की ऑस्टिन 7 रही, जो 100 साल से भी अधिक पुरानी है। इसके अलावा 1946 मॉडल की ऑस्टिन 8, 1948 मॉडल की शेवरले फ्लीटमास्टर, 1962 मॉडल की मर्सिडीज और 1984 मॉडल की मारुति 800 भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं।
कार मालिकों ने बताया कि इन पुरानी गाड़ियों को संभालकर रखना आसान नहीं है। इनके स्पेयर पार्ट्स आसानी से उपलब्ध नहीं होते और रखरखाव पर काफी खर्च करना पड़ता है। कई बार जरूरी पुर्जों की तलाश में दिल्ली, मुंबई और विदेशों तक जाना पड़ता है। इसके अलावा पुराने मॉडलों की मरम्मत करने वाले अनुभवी मैकेनिक भी अब कम होते जा रहे हैं।
क्लब के सचिव बीएस मंको ने बताया कि कुछ लोग टिकट, सिक्के और दूसरी चीजें इकट्ठा करने का शौक रखते हैं, जबकि उन्हें पुरानी कारें इकट्ठा करना पसंद है। उनके अनुसार, इन गाड़ियों से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और वे इन्हें केवल वाहन नहीं, बल्कि इतिहास और कला का हिस्सा मानते हैं।
कार मालिकों का कहना है कि पुरानी कारों को सुरक्षित रखना केवल उनका व्यक्तिगत शौक नहीं, बल्कि देश की विरासत को बचाने का भी प्रयास है। उन्होंने चंडीगढ़ के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) से पुरानी कारों के दोबारा पंजीकरण की प्रक्रिया में सहयोग देने की मांग की है। उनका कहना है कि इन गाड़ियों का इस्तेमाल सामान्य यातायात के लिए नहीं, बल्कि प्रदर्शनी और अधिकृत रैलियों के लिए किया जाता है।
इस प्रदर्शनी में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने दिलचस्पी दिखाई। कई बच्चों ने अपनी पसंदीदा कारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जबकि ऑटोमोबाइल फोटोग्राफरों ने इन ऐतिहासिक वाहनों की तस्वीरें अपने संग्रह के लिए लीं।
तीन दिवसीय चंडीगढ़ कार्निवल 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया गया। विंटेज कारों की इस प्रदर्शनी ने शहर की ऑटोमोबाइल संस्कृति, इतिहास और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पुरानी गाड़ियों के संरक्षण का संदेश भी दिया।
