मुंबई 15 नवंबर 2026 : एयर इंडिया ने शनिवार को कहा कि अमेरिका आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें बिना किसी बड़ी देरी के तय समय-सारिणी के अनुसार संचालित हुईं। गौरतलब है कि अमेरिका में क्षेत्रीय हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण हजारों उड़ानें रोक दी गई थीं।
एयरलाइन ने एक बयान में यह भी कहा कि न्यूयॉर्क, नेवार्क और सैन फ्रांसिस्को जाने वाली उसकी सभी उड़ानें आज तड़के समय पर उतरीं। यह बयान ऐसे समय में आया, जब अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने क्षेत्रीय हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण शुक्रवार दोपहर देश भर में सभी उड़ानों के संचालन पर रोक लगा दी थी। उड़ानों में व्यवधान पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ के अनुसार शनिवार को अमेरिका में 2,500 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और सैकड़ों अन्य उड़ानों में देरी हुई।
एयर इंडिया ने कहा, ”कल रात से अमेरिका में देशव्यापी स्तर पर उड़ानें रोके जाने के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित होने के बावजूद अमेरिका आने-जाने वाली हमारी सभी उड़ानें बिना किसी बड़ी देरी के तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो रही हैं।”
