30 अक्तूबर 2026: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने तस्करी के तीन अलग-अलग मामलों में करीब 3.84 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध गांजा और सोना जब्त किया है। ये मामले 24 से 26 अक्टूबर 2026 के बीच टर्मिनल-3 पर सामने आए। कार्रवाई के दौरान बैंकॉक से पहुंचे दो यात्रियों के पास से 9.6 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध गांजा और शारजाह से आए दो अन्य यात्रियों से 332 ग्राम सोने की चेन बरामद की गई। गांजे के दोनों मामलों में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।
बैंकॉक से आए यात्री के बैग से मिला 4.2 किलो गांजा
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, पहला मामला 24 अक्टूबर को सामने आया। बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे एक यात्री को ग्रीन चैनल से गुजरने के दौरान यात्री प्रोफाइलिंग के आधार पर जांच के लिए रोका गया। उसके सामान की एक्स-रे जांच और तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग से नौ पॉलीथिन पैकेट बरामद हुए।
इन पैकेटों में मौजूद संदिग्ध पदार्थ का वजन 4.229 किलोग्राम था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपये बताई गई है। शुरुआती जांच में पदार्थ के गांजा होने के संकेत मिले। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने इसे जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे यात्री से 5.4 किलो संदिग्ध गांजा बरामद
26 अक्टूबर को बैंकॉक से आए एक अन्य यात्री को भी कस्टम अधिकारियों ने जांच के लिए रोका। उसके ट्रॉली बैग की तलाशी के दौरान छह पॉलीथिन पैकेट मिले, जिनमें करीब 5.426 किलोग्राम संदिग्ध गांजा रखा हुआ था।
इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.89 करोड़ रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में बरामद पदार्थ की शुरुआती जांच में गांजा होने की पुष्टि के संकेत मिले। अधिकारियों ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त कर दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया।
शारजाह से आए यात्रियों से 332 ग्राम सोना मिला
सोने की तस्करी का मामला भी 26 अक्टूबर को टर्मिनल-3 पर सामने आया। शारजाह से पहुंचे दो यात्रियों को ग्रीन चैनल पार करने के बाद संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोका गया।
सामान की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजरते समय तेज बीप सुनाई दी। इसके बाद अधिकारियों ने दोनों यात्रियों की व्यक्तिगत तलाशी ली।
जांच में उनके अंडरगारमेंट्स में छिपाई गई सोने की दो चेन बरामद हुईं। इनका कुल वजन 332 ग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 47.38 लाख रुपये बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार, चेन को काले टेप और कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाया गया था। कस्टम विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम के तहत सोना जब्त कर लिया।
तीन मामलों में कुल 3.84 करोड़ की बरामदगी
कस्टम विभाग की कार्रवाई में कुल 9.6 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध गांजा और 332 ग्राम सोना बरामद किया गया। गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3.37 करोड़ रुपये और सोने की कीमत 47.38 लाख रुपये है। इस तरह जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 3.84 करोड़ रुपये बैठता है।
अधिकारियों के अनुसार, गांजे की तस्करी के दोनों मामलों में गिरफ्तार यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और क्या इनके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
