• Fri. Oct 16th, 2026

दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी: आज इन 21 रास्तों पर लग सकता है जाम

16 अक्तूबर 2026:  दिल्ली में 16 अक्टूबर को घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ट्रैफिक की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली के आसपास कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। एडवाइजरी के मुताबिक, दोपहर 3 बजे के बाद ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।

इस ट्रैफिक एडवाइजरी की वजह कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम कॉकroach जनता पार्टी (CJP) की ओर से आयोजित करने का आह्वान किया गया था। कार्यक्रम को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने की घोषणा की है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंबा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, अशोक रोड, तिलक मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है।

इन सड़कों से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम और संभावित डायवर्जन के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। हालांकि, सभी सड़कों को पूरी तरह बंद किए जाने की बात नहीं कही गई है। मौके की स्थिति के अनुसार ट्रैफिक पुलिस मार्गों में बदलाव कर सकती है और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर सकती है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से तय करें, जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और जहां संभव हो, मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन से सफर करें। वाहन चालकों को तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचने की भी सलाह दी गई है।

अगर आप शुक्रवार को कनॉट प्लेस, संसद मार्ग या मध्य दिल्ली के अन्य इलाकों में जाने की योजना बना रहे हैं, तो निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें। समय रहते रास्ता बदलने और अतिरिक्त समय लेकर चलने से जाम में फंसने की परेशानी कम हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *