• Sat. Sep 26th, 2026

लुधियाना से MBBS गोल्ड मेडलिस्ट आईएएस डॉ. मंदीप कुमार भंडारी बने CBSE चेयरमैन

लुधियाना 26 सितंबर, 2026 : केंद्र सरकार ने 2001 बैच के के वरिष्ठ आई ए एस अधिकारी डॉ. मंदीप कुमार भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है।  सरकार ने सीबीएसई चेयरमैन के पद को अस्थायी तौर पर अतिरिक्त सचिव स्तर के पद के अनुरूप अपग्रेड करते हुए डॉ. भंडारी को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

लुधियाना से एमबीबीएस , गोल्ड मेडल के साथ डॉक्टर बने
डॉ. मंदीप कुमार भंडारी का लुधियाना से खास नाता है। उन्होंने दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, लुधियाना से एमबीबीएस की पढ़ाई की और गोल्ड मेडल हासिल किया। चिकित्सा क्षेत्र में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया और जम्मू-कश्मीर सहित केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। सरकारी रिकॉर्ड में उनकी शैक्षणिक योग्यता एमबीबीएस दर्ज है और उनका  बैच 2001 है।

एस डी एम से लेकर जम्मू के मंडलायुक्त तक का सफर
आई ए एस अधिकारी के तौर पर डॉ. भंडारी ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। उन्होंने एस डी एमभद्रवाह, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त कठुआ, उपायुक्त लेह और उपायुक्त जम्मू सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2015 में वह जम्मू-कश्मीर सरकार के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में आयुक्त/सचिव बने। इसके बाद वर्ष 2017 में उन्हें जम्मू का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया।

केंद्र में भी संभाली अहम जिम्मेदारियां
डॉ. भंडारी ने केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। वर्ष 2018 में वह तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के निजी सचिव नियुक्त हुए। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में संयुक्त सचिव के तौर पर भी काम किया। केंद्र में प्रतिनियुक्ति पूरी होने के बाद फरवरी 2023 में उन्हें जम्मू-कश्मीर वापस भेजा गया।

वैष्णो देवी और अमरनाथ श्राइन बोर्ड से भी जुड़ी रही जिम्मेदारी
डॉ. भंडारी श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ के पद पर भी रह चुके हैं। वर्ष 2023 से वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत रहे और उनके पास श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी रहा। जम्मू-कश्मीर सरकार के आधिकारिक रिकॉर्ड में उनकी वर्तमान पोस्टिंग उपराज्यपाल के साथ प्रधान सचिव तथा अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ के अतिरिक्त प्रभार के रूप में दर्ज है।

अब सीबीएसई की कमान
सीबीएसई देश के सबसे बड़े स्कूली शिक्षा बोर्डों में से एक है और लाखों विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाओं, स्कूल संबद्धता तथा शैक्षणिक प्रक्रियाओं से जुड़ा है। डॉ. भंडारी ऐसे समय में सीबीएसई की कमान संभालेंगे, जब बोर्ड परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था में लगातार बदलाव हो रहे हैं। सीबीएसई की ओर से सितंबर में भी 2026-27 सत्र की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *