• Sat. Sep 26th, 2026

न्यू चंडीगढ़ में पंच पर ताबड़तोड़ फायरिंग, शरीर में मिली 6 गोलियां

न्यू चंडीगढ़ 26 सितंबर, 2026 : न्यू चंडीगढ़ के गांव पड़ौल में पंच सतबीर सिंह उर्फ सती पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उनके शरीर पर गोली लगने के 8 निशान मिले, जबकि 6 गोलियां शरीर के अलग-अलग हिस्सों से बरामद हुई हैं। गंभीर रूप से घायल पंच का पी. जी. आई. चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पंच सती अपनी गाड़ी से छोटी-बड़ी नगल मार्ग से घर लौट रहे थे। रास्ते में दविंद्र सिंह जोरा ने उन्हें कथित तौर पर रोक लिया। इसी दौरान जसप्रीत सिंह जस्सू ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। मुल्लांपुर गरीबदास पुलिस ने पंच के भाई मेजर सिंह के बयान पर जसप्रीत सिंह जस्सू और दविंद्र सिंह जोरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की डी.वी.आर. कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मेजर सिंह ने आरोप लगाया कि जस्सू पिछले कई माह से धमकियां दे रहा था और इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। उनका कहना है कि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती तो वारदात टाली जा सकती थी।डी. एस. पी. हरकीरत सिंह ने बताया कि एफ.आई.आर. नंबर 193 के तहत बी.एन. एस. और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *