• Sat. Sep 26th, 2026

Ludhiana के बड़े कारोबारी दफ्तर में सेंधमारी, CCTV कैमरों की तारें काटकर किया कांड

लुधियाना 26 सितंबर, 2026 : मंजू सिनेमा के नजदीक स्थित जंडू टावर में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक बड़े कारोबारी दफ्तर से लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रेलवे ट्रैक की तरफ से इमारत में दाखिल हुए शातिर बदमाशों ने ‘एआर इंटरप्राइजेज’ के ऑफिस का शटर और अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 20 से 25 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी चोरी कर ली।

फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने दफ्तर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे और कैमरों को तोड़कर फेंक दिया। भागते समय चोरों ने इसी इमारत में स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के ऑफिस का ताला भी तोड़ा। सूचना मिलते ही मिल्लरगंज चौकी पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फर्म के मालिक कमल शर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी शैलर (राइस मिल) में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनों की बिक्री और मेंटेनेंस सर्विस का बड़ा कारोबार करती है। रोजमर्रा की तरह जब सुबह दफ्तर का चपड़ासी काम पर पहुंचा, तो उसने देखा कि ऑफिस का मुख्य ताला टूटा हुआ था। जब उसने अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अंदर रखी सेफ व अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए थे। चपड़ासी ने तुरंत फोन कर मालिक कमल शर्मा को मामले की सूचना दी। जब कमल शर्मा मौके पर पहुंचे, तो अलमारी के लॉकर में रखी करीब 20 से 25 लाख रुपये की नकदी पूरी तरह गायब थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

सीए ऑफिस के दरवाजे का ताला भी तोड़ा
शुरुआती पड़ताल और मौके के मुआयने के बाद कमल शर्मा ने बताया कि चोर रात करीब 3:00 बजे के बाद पीछे लगते रेलवे ट्रैक के रास्ते बिल्डिंग में दाखिल हुए थे। बदमाश पूरी रेकी और तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने पकड़े जाने के डर से सबसे पहले ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और फिर कैमरे को उखाड़कर नीचे फेंक दिया। इसके बाद शातिरों ने दफ्तर के शटर के ताले तोड़े और अंदर घुसकर अलमारी का मजबूत लॉकर तोड़ते हुए उसमें रखी 20 से 25 लाख रुपये की व्यापारिक नकदी समेट ली। लूट और चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार होते समय बदमाशों ने उसी मंजिल पर स्थित एक सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंट) के दफ्तर को भी निशाना बनाने की कोशिश की। बदमाशों ने सीए ऑफिस के दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हुए। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि सीए दफ्तर से कोई महत्वपूर्ण फाइल, लैपटॉप या नकदी चोरी हुई है अथवा चोर केवल मुख्य दफ्तर से ही नकदी समेटकर भाग निकले। वारदात की खबर मिलते ही मिल्लरगंज पुलिस चौकी के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ जंडू टावर पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया गया। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने तोड़ी गई अलमारी, लॉकर, शटर और फर्श से उंगलियों व जूतों के निशान सहित कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास की इमारतों और रेलवे ट्रैक की तरफ जाने वाले रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर नकदी बरामद कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *