• Sun. Aug 30th, 2026

सावधान! वाहनों पर नकली नंबर लगाकर महानगर में घूंमे तो होगा केस दर्ज

जालंधर 30 अगस्त 2026 : चोरीशुदा मोटरसाइकिल पर जाली नंबर लगाकर महानगर में घूम रहे एक युवक को थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने कपूरथला चौक के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने मोटरसाइकिल कहां से खरीदी थी और इसका असली मालिक कौन है।

जानकारी के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस में तैनात ए.एस.आई. सुरेश कुमार, पुलिस जवान राकेश कुमार व मोहिंदर पाल तथा थाना डिवीजन नंबर-2 के ए.एस.आई. बलविंदर सिंह लुभाना द्वारा कपूरथला चौक के पास नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर उसके वाहन की जांच की। मोटरसाइकिल पर नंबर (पी.बी. 09 एस 5147) लगा हुआ था। पुलिस ने ई-चालान मशीन के जरिए नंबर की जांच की तो पता चला कि उक्त नंबर जाली है। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी की पहचान राज कमल पुत्र जग्गू, निवासी उत्तर प्रदेश, हाल निवासी किराएदार हरी का मकान, प्रीत नगर, सोढल रोड के रूप में हुई।

ए.एस.आई. बलविंदर सिंह लुभाना ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल करीब 20 हजार रुपए में दोआबा चौक के पास किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी। हालांकि पुलिस को संदेह है कि मोटरसाइकिल चोरी की हो सकती है और आरोपी ने उस पर जाली नंबर लगाकर उसे आगे बेचने की तैयारी की थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *