• Fri. Oct 16th, 2026

‘यूपी में एक डॉक्टर पर 16 हजार लोग’, अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

लखनऊ 30 अगस्त 2026 : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में चिकित्सकों और अर्धचिकित्साकर्मियों की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के सत्ता में आने पर गरीबों का मुफ्त इलाज किया जाएगा और मुफ्त दवाइयां दी जायेंगी। यादव ने यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में दावा किया कि राज्य में एक डॉक्टर पर 16 हजार लोग हैं और सरकारी अस्पतालों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं।

उन्होंने कहा, ”सरकारी अस्पतालों में 41 प्रतिशत पद खाली हैं। नर्सिंग और पैरामेडिकल सेवाओं में 24 हजार से अधिक पद रिक्त हैं।” पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि ‘एम्स’ गोरखपुर में 604 और ‘एम्स’ रायबरेली में 579 पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर समेत कई जिलों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या घटी है। 

यादव ने कहा, ”जब मुख्यमंत्री अपने ही जिले में स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या घटा रहे हैं तो अन्य जगहों का अंदाजा लगाइए।” उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों को इलाज और दवाओं पर भारी खर्च करना पड़ रहा है, जबकि निजी अस्पताल बढ़ रहे हैं और लापरवाही की घटनाएं भी बढ़ी हैं। यादव ने कहा,”भविष्य में जब समाजवादी सरकार बनेगी, कोई कार्ड नहीं पूछा जाएगा। मरीज आएगा, उसका इलाज और दवाएं मुफ्त होंगी। उन्होंने कहा कि यह योजना कैंसर समेत गंभीर बीमारियों पर भी लागू होगी और इसे घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *