अमृतसर 30 अगस्त 2026 : श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट के 17 घंटे लेट पर यात्रियों का गुस्सा फूटा। यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।
यात्रियों के अनुसार, दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट का निर्धारित समय पहले सुबह 8:40 बजे था। इसके बाद समय बढ़ाकर सुबह 11:00 बजे कर दिया गया। यात्री जब एयरपोर्ट काउंटर पर पहुंचे, तो उन्हें अचानक सूचित किया गया कि फ्लाइट अब 17 घंटे की देरी से उड़ान भरेगी। इतनी लंबी देरी की सूचना मिलते ही यात्री भड़क उठे और काउंटर पर हंगामा शुरू कर दिया।
परेशान यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की तरफ से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है और न ही स्थिति स्पष्ट की जा रही है। यात्रियों ने कहा:
एयरलाइन ने उन्हें टिकट रिफंड को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दी।
17 घंटे की देरी के बावजूद वैकल्पिक टिकट या ठहरने (होटल) की कोई व्यवस्था नहीं की गई। एयरपोर्ट पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परिवार और बच्चे घंटों से परेशान हो रहे हैं।
