• Sun. Jul 26th, 2026

Punjab Weather: आज मानसून सुस्त, कल फिर बरसेंगे बादल; जानिए किस जिले में कब होगी बरसात

अमृतसर 26 जुलाई 2026 : पंजाब में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है और रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने 26 जुलाई के लिए किसी भी जिले में बारिश या खराब मौसम का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि यह राहत ज्यादा लंबी नहीं रहेगी।

सोमवार से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने लगेगा और सप्ताह के मध्य तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के सभी जिलों के लिए ग्रीन संकेत जारी किया गया है। अधिकांश स्थानों पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन किसी भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।

सोमवार से सक्रिय होगा मानसून

26 जुलाई: रविवार राज्य में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। पूरे राज्य में मौसम सामान्य रहेगा। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी व कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

27 जुलाई: सोमवार से मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला और नवांशहर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

28 जुलाई: मंगलवार को मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और होशियारपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के लिए येलो अलर्ट रहेगा। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ जलभराव और निचले इलाकों में पानी जमा होने की स्थिति बन सकती है।

29 जुलाई: बुधवार को भी उत्तरी पंजाब में बारिश का असर बना रहेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन और होशियारपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। वहीं कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

शनिवार तापमान में हल्की गिरावट दर्ज

इस बीच शनिवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।

बीते 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 11.6 मिलीमीटर वर्षा अमृतसर में हुई। इसके अलावा होशियारपुर में 6.5 मिलीमीटर, जालंधर में 4.5 मिलीमीटर, लुधियाना में 1.8 मिलीमीटर, कपूरथला में 1.5 मिलीमीटर, पटियाला में 1.2 मिलीमीटर तथा बरनाला और लुधियाना के एक अन्य केंद्र पर 0.5-0.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *