• Sun. Jun 28th, 2026

राजगढ़ किले की सैर पर निकले मुंबई के पर्यटकों की निजी बस दुर्घटनाग्रस्त, दो लोगों की मौके पर मौत

पुणे 28 जून 2026 : मुंबई से राजगढ़ किले की सैर पर निकले पर्यटकों की एक निजी बस का पुणे जिले के पाबे घाट में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक का बस से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मुंबई के अंधेरी क्षेत्र से करीब 20 पर्यटक रात के समय राजगढ़ किले की यात्रा के लिए रवाना हुए थे। जब उनकी निजी बस हवेली और वेल्हा तहसील को जोड़ने वाले पाबे घाट पहुंची, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सीधे घाटी में जा गिरी।

हादसा इतना भयावह था कि दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हवेली आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गौरतलब है कि मानसून शुरू होने के बाद महाराष्ट्र के किलों और पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि, इसी दौरान सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखने को मिलती है। प्रशासन ने पर्यटकों और वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर घाट मार्गों पर वाहन चलाते समय सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *