• Sun. Jun 7th, 2026

लुधियाना के होजरी कारोबारी पर साइबर अटैक, पलक झपकते ही उड़े होश, नामी कंपनियों के नाम का हो रहा इस्तेमाल

लुधियाना 07 जून 2026 महानगर में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे घर बैठे ही लोगों के मोबाइल हैक कर पलक झपकते ही उनकी गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। ताजा मामला शहर के एक नामी होजरी कारोबारी जसविंदर सिंह के साथ सामने आया है, जो शातिर साइबर ठगों का शिकार हो गए हैं। ठगों ने कारोबारी का मोबाइल फोन हैक करके उनके बैंक खाते से करीब 1.25 लाख रुपये की रकम उड़ा दी। पीड़ित कारोबारी ने बताया कि अचानक उनके मोबाइल फोन ने काम करना बंद कर दिया, जिसके तुरंत बाद उनके बैंक खाते से 10-10 हजार रुपये कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। जब तक वह कुछ समझ पाते और आनन-फानन में बैंक पहुंचकर अपना खाता ब्लॉक करवाते, तब तक शातिर चोर उनके खाते से करीब 1.20 लाख रुपये गायब कर चुके थे।

जसविंदर सिंह ने जब बैंक जाकर अपने खाते की स्टेटमेंट निकलवाई तो उनके होश उड़ गए। जांच में पता चला कि ठगों ने बैंक खाते से उड़ाई गई इस रकम का इस्तेमाल अमेज़न और ब्लिंकिट जैसी कंपनियों के नाम पर ट्रांसफर करने के लिए किया था। बैंक अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरी रकम बेंगलुरु स्थित किसी बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। इस बड़ी ठगी के बाद पीड़ित कारोबारी ने तुरंत केंद्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवा दी है। जसविंदर सिंह का कहना है कि वारदात के बाद से उनका मोबाइल फोन अब भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा है, जिसके चलते उनका पूरा होजरी कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। फिलहाल इस हाईटेक चोरी की लिखित शिकायत स्थानीय साइबर सेल पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *