30 मई 2026 : उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में छाएंगे बादल, रात में ओले गिरने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद मौसम सामान्यत: मेघाच्छादित रहेगा। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रात के समय कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में भारी बारिश-आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और तेज आंधी को लेकर अलटर् जारी किया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाली बारिश हो सकती है।
बलिया-गोरखपुर समेत कई जिलों में 10 डिग्री तक लुढ़का पारा
प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, इटावा और बलिया समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई। बलिया में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.1 डिग्री कम रहा। वहीं गोरखपुर में 29.6 और प्रयागराज में 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
‘पेड़ों के नीचे न खड़े हों, किसान बरतें सतर्कता’
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतकर् रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। विभाग ने किसानों को भी फसलों और कृषि कार्यों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
