• Sun. Apr 26th, 2026

फरीदकोट में भीषण आग, 250 एकड़ जंगल जलकर राख; कई जंगली जीव और पक्षी झुलसे

फरीदकोट 26 अप्रैल 2026 फरीदकोट में जहाज ग्राऊंड के नजदीक स्थित घने जंगल में आज अचानक भीषण आग लग गई, जिसके चलते करीब 200 से 250 एकड़ तक का जंगल पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि इस पर काबू पाने के लिए फरीदकोट समेत आस-पास के जिलों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। फायर ब्रिगेड और अन्य सहायक टीमों द्वारा कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

यह इलाका फरीदकोट के महाराजा के निजी हवाई अड्डे के आसपास स्थित है, जहां बंजर जमीन पर घना जंगल विकसित हो गया है और इसके पास ही सैन्य छावनी क्षेत्र मौजूद है। मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्त्ता और पक्षी प्रेमियों ने बताया कि यह जमीन राजसी बंजर भूमि है और आग के कारण जंगल में रहने वाले अनेक दुर्लभ पक्षी और जंगली जीव झुलस गए। सैन्य छावनी पास होने के कारण सेना द्वारा भी अपने वाहन और जवान भेजकर आग बुझाने में अहम सहयोग दिया गया। इस दौरान एक फायर कर्मी ने बताया कि सबसे पहले जहाज ग्राऊंड की इमारत को सुरक्षित किया गया, उसके बाद जंगल में लगी आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *