12 अप्रैल 2026 : इंदिरापुरम के अभय खंड इलाके में बीते शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक क्लिनिक के शटर के नीचे से किसी के कराहने की आवाजें आने लगीं। मामला चोरी की कोशिश से जुड़ा था, जिसमें एक 15 साल का नाबालिग लड़का खुद ही अपने बिछाए जाल में फंस गया।
शटर खोला तो उड़ गए होश
अभय खंड में स्थित हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन शर्मा के क्लिनिक पर जब शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्टाफ पहुंचा, तो शटर सामान्य रूप से नहीं खुला। ताला खोलने के बाद भी जब शटर ऊपर नहीं उठा और अंदर से दर्द भरी आवाजें आईं, तो स्टाफ डर गया। शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई बिल्ली या जानवर फंस गया है, लेकिन हकीकत कुछ और ही थी।
पीछे के गेट से हुआ खुलासा
डॉ. पवन शर्मा के पहुंचने पर जब क्लिनिक का पिछला दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सबकी सांसें अटक गईं। एक नाबालिग लड़का शटर और दीवार के बीच इस तरह फंसा था कि उसकी गर्दन पूरी तरह जकड़ी हुई थी। वह न हिल पा रहा था और न ही चिल्ला पा रहा था। माना जा रहा है कि वह तड़के चोरी के इरादे से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी शटर गिर गया और उसकी गर्दन फंस गई।
20 मिनट का रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट तक कटर और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से शटर को सावधानी से काटा गया और लड़के को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद देखा गया कि लड़के के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आई थीं। उसे तुरंत संजय नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस का बयान
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, नाबालिग फिलहाल अस्पताल में है। उसके ठीक होने के बाद पूछताछ की जाएगी कि वह क्लिनिक के अंदर कैसे पहुंचा और उसके साथ कोई और भी था या नहीं।
